Tuesday, 30 July 2013

छात्रों को बांटे जाने वाले लैपटॉप में दीमक, मचा हड़कंप


NEWS DESK | लखनऊ।। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (एसपी) सरकार की ओर से इंटर पास छात्रों को देने के लिए संभल जिले में स्टॉक में रखे लैपटॉपों के दीमक लगने की बात सामने आई है। इससे सरकारी अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। यह लापरवाही तब सामने आई जब संभल के चंदौसी में लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव के हाथों सोमवार को लैपटॉप वितरण का कार्यक्रम निर्धारित हुआ और इसके लिए तैयारियां शुरू हुईं। छात्र-छात्राओं के बीच लैपटॉप वितरण के लिए संभल जिले के खाते में तीन महीने पहले ही लैपटॉप का स्टॉक पहुंचा था। इनमें से 2218 लैपटॉप चंदौसी को सौंपे गए, जिन्हें प्रशासनिक स्तर पर एस़ एम. इंटर कालेज में रखवा दिया गया। शिवपाल के कार्यक्रम की जानकारी के बाद शनिवार को सरकारी अधिकारी जब ताला खोलकर कमरे में लैपटॉप का स्टॉक चेक करने पहुंचे तो पता चला कि करीब चालीस लैपटॉपों के डिब्बों को दीमक चट कर चुके थे। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) अरुण कुमार दुबे ने रविवार को एचपी कंपनी के इंजिनियरों के साथ दीमक की जद में आए लैपटॉपों की जांच की और फिर उन लैपटॉपों की दोबारा पैकिंग कराई। इस काम में दिनभर बिताने के बाद दुबे ने दावा किया कि सिर्फ पैकिंग ही दीमक से प्रभावित हुई है, लैपटॉप सुरक्षित हैं। सरकारी अधिकारियों को लैपटॉप के रखरखाव में लापरवाही की शिकायत को लेकर शासन की कारवाई का भय सता रहा है।

No comments:

Post a Comment