Sunday, 28 July 2013

भाग मिल्खा भाग ने लिखी कामयाबी की नई स्क्रिप्ट


KRANTI PANDIT | NEWS WAR MEDIA PVT LTD
मुंबई।। देश की स्टार बॉक्सर मेरी कोम को जब यह बताया गया था कि उनके जीवन की कहानी बड़े पर्दे पर बताई जाएगी और उनका किरदार प्रियंका चोपड़ा निभाएंगी, तो उन्होंने यह मजाक लगा था। हालांकि, अब प्रियंका उनके जीवन को बेहतर तरीके से समझने के लिए उनसे कई बार मिल चुकी हैं और मेरी कोम रोमांचित हैं। उन्हें लगता है कि प्रियंका स्क्रीन पर अपने पंच के साथ दर्शकों को जरूर पसंद आएंगी। इस महीने की शुरुआत में देश के सबसे नामी धावक मिल्खा सिंह उस समय अपने आंसू नहीं रोक पाए थे, जब उन्होंने फरहान अख्तर को भाग मिल्खा भाग में अपनी जवानी के दिनों को स्क्रीन पर फिर से जिंदा करते देखा। दिवंगत या जीवित महान लोगों की जीवनी पर फिल्में इन दिनों बॉलिवुड को काफी रास आ रही हैं और ये भारी कमाई भी कर रही हैं। राकेश ओमप्रकाश मेहरा की भाग मिल्खा भाग काफी कामयाब रही है। इस फिल्म ने रिलीज के 12 दिनों में ही 75 करोड़ रुपए का बिजनेस किया है। हालांकि, फिक्शन और एक्शन थ्रिलर्स से जुड़ी फिल्में ही बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपए के आंकड़े के करीब पहुंचने में सफल रही हैं, लेकिन भारतीय दर्शक अब असली हीरो ही असली कहानी देखने के लिए बड़ी संख्या में सिनेमा हॉल जा रहे हैं। डिज्नी यूटीवी गायक और अभिनेता किशोर कुमार पर एक फिल्म रणबीर कपूर के साथ बना रही है। इसी स्टूडियो की पान सिंह तोमर कम बजट की कामयाब फिल्म साबित हुई थी। डिज्नी यूटीवी के मैनेजिंग डायरेक्टर सिद्धार्थ रॉय कपूर ने कहा, 'जीवनी पर फिल्म बनाने से पहले यह देखना महत्वपूर्ण होता है कि व्यक्ति के जीवन की कहानी बताने लायक है या नहीं।' मिल्खा और मेरी कोम से पहले बॉलिवुड में दिवंगत राजनेताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और फूलन देवी जैसे लोगों पर आधारित फिल्में बनती रही हैं। रिचर्ड ऐटनबरो की गांधी और मनोज कुमार की भगत सिंह काफी कामयाब रही थी। इनमें से पहली एक विदेशी ने बनाई थी और दूसरी की नकल बहुत से लोगों ने करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें ज्यादा कामयाबी नहीं मिली। भाग मिल्खा भाग और मेरी कोम के प्रोड्यूसर वायाकॉम 18 मोशन पिक्चर्स के सीईओ अजित अंधारे का कहना है कि लोग ज्यादातर स्टार को देखने के लिए टिकट खरीदते हैं लेकिन एक महान कहानी के साथ भी स्टार बनाया जा सकता है। जीवनी पर फिल्म बनाने वाले कुछ लोगों ने नाकामी भी देखी है। टिप्स के कुमार तौरानी ने बताया कि उन्हें 2002 में आई लीजेंड ऑफ भगत सिंह से करीब 25 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। इस फिल्म में अजय देवगन ने भगत सिंह का किरदार निभाया था और उन्हें इस फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था।

No comments:

Post a Comment