Thursday, 8 August 2013

डूसू चुनाव का बजा बिगुल, कैंपस के मुद्दे होंगे हावी


manish dubey | नई दिल्ली -
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव की तारीख घोषित होते ही कैंपस में चुनावी बिगुल बज गया है। विभिन्न कॉलेज पोस्टर से पटे पड़े हैं तो वहीं छात्र संगठन रणनीति बनाने में जुटे हैं। इस साल भले ही विधानसभा चुनाव हो लेकिन संगठन कैंपस के मुद्दों के दम पर डूसू की सत्ता में आने की तैयारी में हैं। गुरुवार को एबीवीपी ने प्रेसवार्ता के जरिये मुद्दे उठाए तो उधर एनएसयूआई ने यू स्पेशल बसों को हरी झंडी दिखा अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री उमेश दत्त ने चुनावी एजेंडा साफ करते हुए कहा कि वह नया कैंपस बनाने, कॉलेजों की संख्या बढ़ाने और चार हजार खाली पड़ी शिक्षकों की सीटों को जल्द भरवाने पर जोर देंगे। इन मुद्दों के साथ चुनाव लड़ेंगे। वहीं एनएसयूआई ने साउथ कैंपस से यू स्पेशल बसों की शुरुआत करते हुए मौजूदा कार्यकाल डूसू के इतहिास का सबसे सुनहरा समय बताया। संगठन के प्रवक्ता अंबरीश पांडेय ने कहा कि कैंपस चुनाव में लड़ा जाएगा इसलिए मुद्दे भी कैंपस के होंगे। डूसू अध्यक्ष अरुण हुड्डा ने छात्रों से कहा कि जॉब फेयर, छात्र पंचायत, यू स्पेशल बसों की शुरुआत अब से पहले किसी संगठन ने नहीं की। वे आगे भी छात्र हित में काम करते रहेंगे। इसके अलावा एबीवीपी ने नवनियुक्त चुनाव अधिकारी प्रो. अशोक वोहरा से मिलकर पारदर्शी चुनाव कराने को लेकर अपने कुछ अहम सुझाव भी दिए।

No comments:

Post a Comment