NEW DELHI । आनंद विहार थाना क्षेत्र में स्थित रविर क्रास मॉल के सामने दो बदमाशों ने एक कैश वैन से दिनदहाड़े साढ़े 14 लाख रुपए लूट लिए। वारदात सोमवार दोपहर हुई। लूट को अंजाम देने में बदमाशों ने पल्सर बाइक का इस्तेमाल किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एक निजी कंपनी की कैश वैन पैसा इकट्ठा करने आई थी।
यह वैन हल्दीराम रेस्टोरेंट का पैसा बैंक पहुंचाने का काम नियमित तौर पर करती थी। शनिवार और रविवार का कलेक्शन बैंक जाना था। इसकी सूचना बदमाशों को थी। कर्मचारी जैसे ही 14 लाख 58 हजार रुपए नकद लेकर अपनी वैन में बैठने लगे, दो युवक अचानक वहां आ गए। उनमें से एक ने कर्मचारियों पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद दोनों नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
हल्दीराम रेस्टोरेंट में जाकर वहां पर कर्मचारियों और उनकी डय़ूटी की लिस्ट की भी जांच की। पुलिस का मानना है कि भीतर के किसी व्यक्ति ने ही कैश की सूचना बदमाशों तक पहुंचाई थी। इससे पहले भी दो दफा पेट्रोल पंप से बैंक में आने वाली नकदी को बदमाश निशाना बना चुके हैं। सभी मामलों में अपराधियों ने फायरिंग की थी।
No comments:
Post a Comment