NEWS DESK लखनऊ :at news war media -
महानगर में बीच सड़क खड़ी इनोवा को मंगलवार दोपहर क्रेन से उठाए जाने पर भड़का दारोगा पुत्र उल्टा यातायात सिपाही से भिड़ गया। खुद को एक एएसपी का पुत्र होने का दावा कर रहा दारोगा पुत्र दौड़कर क्रेन पर चढ़ गया और सिपाही से मारपीट शुरू कर दी। विरोध पर उसने सिपाही की नेम प्लेट व सीटी नोंच ली। युवक ने कोतवाली में भी खूब हंगामा किया। इस बीच डीआइजी नवनीत सिकेरा भी घटना की सूचना पाकर कोतवाली पहुंचे और मामले की जांच की। तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दारोगा पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
न्यू जुगौली, गोमतीनगर निवासी गोरखपुर में तैनात उपनिरीक्षक एसए खान का बेटा अरशद खान मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे इनोवा से महानगर आया था। अरशद गोल मार्केट स्थित एक दुकान के सामने बीच सड़क इनोवा खड़ी कर कहीं चला गया। इस बीच चौराहे पर तैनात यातायात सिपाही प्रमोद कुमार गुप्ता व नगर निगम क्रेन चालक अजय यादव वहां पहुंचे और क्रेन से इनोवा को उठाकर कोतवाली ले जाने लगे। तभी पीछे से आया अरशद दौड़कर क्रेन पर चढ़ गया और चालक से अभद्रता करते हुए क्रेन को रुकवाने का प्रयास किया। सिपाही प्रमोद ने अरशद को रोकने का प्रयास किया तो वह उससे भी भिड़ गया। खुद को एएसपी का बेटा होने का दावा कर अरशद ने प्रमोद को वर्दी उतरवाने की धमकी दी और उसे क्रेन से नीचे खींचने लगा। इस बीच अरशद ने मारपीट शुरू कर दी। उसने सिपाही पर चप्पल भी तानी और उसकी वर्दी फाड़ दी। साथ ही वायरलेस सेट भी छीनने का प्रयास कर रहा था। इससे यहां हंगामा खड़ा हो गया। व्यापार मंडल के पदाधिकारी व व्यापारी भी मौके पर जुट गए। अरशद ने व्यापारियों व नगर निगम के क्रेन सुपरवाइजर शेषमणि दुबे से भी अभद्रता की। बाद में अन्य पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए और उसे पकड़कर महानगर कोतवाली लाया गया।
सख्ती पर खुली पोल
महानगर कोतवाली में लाने के बावजूद उसका हंगामा जारी रहा। एएसपी का बेटा होने का दावा कर रहे अरशद से शुरुआत में पुलिसकर्मियों ने काफी समझाने का प्रयास किया। बाद में संदेह पर सख्ती बरती गई तो सारी पोल खुल गई। बताया कि उसके पिता दारोगा हैं जो गोरखपुर के थाना चिलुवाताल की एक चौकी पर तैनात हैं। सीओ महानगर के मुताबिक पुलिस ने शेषमणि दुबे की ओर से मुकदमा दर्ज कर अरशद को गिरफ्तार कर लिया गया।
No comments:
Post a Comment