NEWS DESK ॥ फरीदाबाद
बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस मंगलवार को यहां हादसे से बच गई। ट्रैक पर रखे स्लीपर से ट्रेन टकराई, इस पर ड्राइवर ने ट्रेन रोक दी लेकिन कुछ लोगों ने इस पर पथराव कर दिया। स्लीपर से टकराने पर ट्रेन पटरी से उतर सकती थी या उसके कुछ डिब्बे पलट भी सकते थे। ड्राइवर ने बल्लभगढ़ ले जाकर ट्रेन को रोक दिया। जीआरपी की शुरुआती जांच में पता चला है कि गायकवाड़ कॉलोनी में रेलवे की तोड़फोड़ से नाराज कुछ लोगों ने यह हरकत की है।
बिलासपुर राजधानी यहां से दोपहर में गुजरती है। मंगलवार को अप मेन लाइन (मथुरा की ओर) ट्रैक पर कुछ लोगों ने स्लीपर रख दिया था। इसी दौरान दिल्ली से आ रही बिलासपुर राजधानी (12442) इस स्लीपर से टकरा गई। हादसे में इंजन का कैटल गार्ड (इंजन के नीचे की ओर लगी हुई जाली) डैमेज हो गई। ट्रेन रुकते ही लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव होता देख ड्राइवर ने ट्रेन को चला दिया और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर लाकर खड़ा कर दिया। पथराव से 13 से 14 कोच के शीशे डैमेज हो गए।
बाद में वहां खड़ी मालगाड़ी के इंजन को राजधानी के आगे लगा कर शाम करीब 5:30 बजे ट्रेन को उसकी मंजिल पर रवाना किया गया। इस घटना में किसी पैसेंजर के घायल होने की सूचना नहीं है। जीआरपी फरीदाबाद एसएचओ ललित कुमार ने बताया कि जीआरपी ने इस संबंध में बाटा फ्लाईओवर के नीचे दुकान करने वाले विजय, गिर्राज और इनके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
No comments:
Post a Comment