Saturday, 27 July 2013

दिल्ली में स्टंट कर रहे बाइकर की पुलिस की गोली से मौत


MANISH DUBEY |नई दिल्ली । दिल्ली के वीवीआईपी इलाके अशोक रोड पर शनिवार देर रात कथित तौर पर सड़क पर स्टंट कर रहे बाइकर्स पर पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से बाइक के पीछे बैठे एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्टंट कर रहे बाइकर्स ने रोकने पर पथराव कर दिया था, बचाव में उन्होंने बाइक के पहिए पर गोली चलाई जो युवक को लग गई। पथराव में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। आखिर गोली चलाने की नौबत क्यों आई, यह जांच का विषय है। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। क्या है पूरा मामलाः यह घटना शनिवार देर रात करीब ढाई बजे नई दिल्ली के अशोक रोड इलाके की है। पुलिस का कहना है कि शनिवार रात 2 बजकर 20 मिनट पर फोन आया कि अशोक रोड इलाके में विंडसर पैलेस के पास 35 से 40 बाइकर्स स्टंट कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पीसीआर वै न घटनास्थल की ओर रवाना की गई। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत का कहना है कि पीसीआर पर सवार पुलिसवालों ने बाइकर्स को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद घटनास्थल पर दूसरी पीसीआर वैन पहुंची। इस पीसीआर वैन पर बाइकसवार युवकों ने पथराव कर दिया। पुलिस के मुताबिक हवाई फायरिंग की गई। पीसीआर पर सवार एक पुलिसकर्मी ने बाइक के पहिए पर गोली चलाई, जो स्टंट कर रहे युवक करन को लग गई। करन की उम्र 18 से 19 साल बताई जा रही है। उसके साथ बैठा युवक पुनीत नीचे गिरकर घायल हो गया। पुलिस उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गई। पुलिस का कहना है कि पुनीत ड्रग एडिक्ट है और उसका इलाज भी चल रहा है। उसने शराब भी पी हुई थी। घटनास्थल पर ईंटें: बाइकर्स के पुलिस पर पथराव का दावा एक हद तक सही लग रहा है। घटनास्थल पर काफी ईंटें पड़ी हुई हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस की एक टीम ने मौके का मुआयना भी किया।

No comments:

Post a Comment