Tuesday, 23 July 2013

CBI ने मुलायम मामले में दिए जांच के आदेश


NEWS DESK नई दिल्ली, एजेंसी news war media
शर्मिंदगी का सामना कर रही सीबीआई ने सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति मामले से जुड़े आंतरिक दस्तावेजों के लीक होने की जांच कराने का मंगलवार को आदेश दिया। हालांकि सीबीआई ने मामले को बंद किए जाने की रिपोर्ट का खंडन करते हुए कहा कि इस संबंध में अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। विपक्षी पार्टियों द्वारा सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए सीबीआई का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाए जाने के बीच एजेंसी के निदेशक रंजीत सिन्हा ने जोर देते हुए कहा कि मामले से संबंधित फाइल पर अंतिम फैसला नहीं किया गया है। फाइल अभी तक मेरे पास नहीं पहुंची है। इस संबंध में अंतिम निर्णय अभी लिया जाना है। उन्होंने अफसोस जताया कि निहित स्वार्थों के कारण प्रमुख जांच एजेंसी से दस्तावेज लीक किए गए, जबकि अंतिम फैसला अभी किया जाना है। उन्होंने इस मामले में लिप्त सीबीआई अधिकारियों का पता लगाने के लिए जांच कराने की घोषणा की। सीबीआई अधिकारियों ने सपा प्रमुख मुलायम और उनके पुत्र तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले को बंद करने की रिपोर्ट दाखिल करने की संभवत: सलाह दी है। सूत्रों ने बताया कि एजेंसी का यह मानना है कि पिता और पुत्र की संपत्ति में वृद्धि मुख्य रूप से संबंधियों से लिए उन ऋणों के कारण है जिन्हें बाद में उपहार होने का दावा किया गया। एजेंसी को उनकी संपत्ति में कोई अवर्णित वृद्धि नहीं दिखी। सीबीआई 1993 से 2005 के बीच की अवधि की जांच कर रही थी। आरोप लगाया गया था कि इस अवधि के दौरान मुलायम और अखिलेश के निवेश में कई गुना की वृद्धि हुयी। सीबीआई सूत्रों ने कहा कि अधिकारियों ने जांच पूरी कर ली है और इसके नतीजे वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं जो मामले को बंद करने या इसे नियमित मामले में बदलने पर गौर करेंगे। सूत्रों ने कहा कि कई मामलों में जांच टीम के फैसले बदल दिए गए हैं क्योंकि वरिष्ठ अधिकारियों को ऐसे पहलू दिखे जहां आगे जांच हो सकती थी। 00

No comments:

Post a Comment