
NEWS DESK नई दिल्ली, एजेंसी
NEWS WAR MEDIA -
अगले आम चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा अपनी मीडिया रणनीति दुरुस्त किए जाने के बीच केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने धर्मनिरपेक्षता के एजेंडा को आगे बढ़ाने की जोरदार वकालत की और पार्टी प्रवक्ताओं से कहा कि वे धर्मनिरपेक्षता से जुड़े मुददों पर अपनी बात जोरदार तरीके से रखें।
पार्टी में इस चर्चा के बीच यह रुख सामने आया है कि नरेंद्र मोदी को महत्वपूर्ण भूमिका देने वाली भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में सांप्रदायिकता के मुददे पर ध्रुवीकरण का प्रयास कर सकती है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने राज्यों के नए प्रवक्ताओं और युवक कांग्रेस तथा एनएसयूआई के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सांप्रदायिकता पर बोलते समय उन्हें नरमी नहीं दिखानी चाहिए और इस संबंध में कोई समझौता नहीं करना चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता मीम अफजल ने संवाददाताओं से कहा कि तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का जोर धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिकता से मुकाबले पर रहा है। उन्होंने कहा कि हमें इस एजेंडा से नहीं हटना चाहिए। मंत्री ने प्रवक्ताओं से कम से कम तीन घंटे तक अध्ययन करने को भी कहा ताकि वे समसामयिक मुद्दों से भलीभांति अवगत रहें।
तिवारी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए तैयारियां सत्र को संबोधित कर रहे थे, वहीं संदीप दीक्षित ने अनुसंधान और दीपेंदर हुड्डा ने सोशल मीडिया विषय पर उन्हें संबोधित किया। दो दिवसीय मीडिया वर्कशाप के आखिरी दिन मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री शशि थरूर ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। अक्सर ट्वीट करने वाले थरूर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उन्हें संबोधित किया।
संयुक्त राष्ट्र में अवर महासचिव रह चुके थरूर ने क्या करें और क्या नहीं करें की सलाह देते हुए राहुल गांधी की सकारात्मक राजनीति की विचारधारा तथा शालीन भाषा का जिक्र किया। सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा कि कांग्रेस मीडिया टीम को सोशल मीडिया पर विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों और आंकड़ों के साथ मुकाबला करना चाहिए, लेकिन उन्हें अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए जैसा दूसरी ओर से किया जा रहा है।
अपने सत्र में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए दीक्षित ने पार्टी के पास मौजूद शोध सामग्री का इस्तेमाल किए जाने पर जोर दिया और विपक्ष के दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए आरटीआई सहित विभिन्न स्रोतों से मिली जानकारी और अनुसंधान का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
10
No comments:
Post a Comment