Monday, 5 August 2013

प्रदेश में साढ़े चार मुख्यमंत्री


news war | कानपुर,
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि उत्तार प्रदेश में साढ़े चार मुख्यमंत्री काम कर रहे हैं। सबके अलग-अलग फैसलों की वजह से प्रदेश की दुर्दशा हो रही है। चुनाव की संभावना जताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की सलाह दी। वे नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा के कार्यकाल में तो हद ही हो गई है। यहां मुलायम सिंह, रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, आजम खान मुख्यमंत्री का काम कर रहे हैं जबकि अखिलेश यादव तो आधे-अधूरे मुख्यमंत्री हैं। सपा कार्यकाल में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। जनता समस्याओं के बीच त्राहि-त्राहि कर रही है। उधर, करीब दो घंटे चली समीक्षा बैठक में उन्होंने कानपुर नगर, देहात, फर्रुखाबाद, इटावा और औरैया आदि जनपदों के कोआर्डिनेटरों व अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं को सेक्टर व बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने को कहा। बैठक के उपरांत उन्होंने पत्रकारों से कहा कि खनन माफियाओं संग किये जा रहे भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल को निलंबित कर दिया गया। मस्जिद की दीवार गिरवाने की आड़ लेकर की गई इस कार्रवाई के जरिए मुस्लिमों को बहकाने की कोशिश की जा रही है। लोकसभा चुनाव में असलियत पता चलेगी। बसपा निलंबन का विरोध करती है। बैठक में जोनल कोआर्डिनेटर रणवीर सिंह कश्यप, चंद्रसेन आनंद, कमलेश दिवाकर, भीमराव अंबेडकर, अशोक कुमार, सलीम अहमद, अनिल शुक्ल वारसी, जिला अध्यक्ष जयनारायण कुरील मुकेश, अजय भारती आदि मौजूद थे। श्री सिद्दीकी टुकनियापुरवा में भाई के घर भी गए। सलीम के इफ्तार में भी शामिल हुए कानपुर : शाम को नसीमुद्दीन सिद्दीकी लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी सलीम अहमद द्वारा आयोजित रोजा इफ्तार में भी शामिल हुए। उन्होंने चमनगंज में इफ्तार कराया जिसमें पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।

No comments:

Post a Comment