Wednesday, 7 August 2013

ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले गिरोह का भंडाफोड़


NEWS WAR MEDIA PVT LTD इलाहाबाद : इंटरनेट के जरिए दूसरों के बैंक खाते से ऑनलाइन शापिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार दोपहर सोहबतिया बाग डॉट पुल के निकट चार शातिरों को पकड़ा। इनके पास से साढ़े पांच लाख रुपये का सामान, 55 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल जब्त की गई। एसएसपी उमेश श्रीवास्तव ने बताया कि जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के चकशिव रामगिर निवासी आशीष कुमार, उसका भाई अभिषेक कुमार, पिता सभापति चौरसिया और चाचा अजीत कुमार काफी दिनों से इस गोरखधंधे में संलिप्त थे। आशीष किसी भी एटीएम के भीतर खड़ा होकर उसका पासवर्ड और एटीएम कार्ड का नंबर जान लेता था। इसके बाद कंप्यूटर के जरिए ऑनलाइन खरीदारी करते थे। गिरोह का मुखिया राहुल प्रजापति इस समय जेल में है। वही आशीष को धोखाधड़ी के गुर सिखाया था। उन्होंने बताया कि विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की जांच-पड़ताल और खुलासा करने के लिए एसपी क्राइम अरुण पांडेय, एएसपी शगुन गौतम, साइबर क्राइम यूनिट के प्रभारी आशोक सारस्वत के नेतृत्व में एसआइ महेंद्र वर्मा, ज्ञानेन्द्र राय, चौकी प्रभारी अल्लापुर टीपी मिश्र सिपाही पंकज दुबे, संदीप शर्मा, आमोद कुमार और शशि कुमार की टीम बनाई गई। टीम ने गिरोह के सदस्यों को पकड़ा और उनसे माल बरामद किया। ------------ मंहगे शौक ने बना दिया जालसाज विज्ञान से इंटर की पढ़ाई पूरी करने वाले आशीष की संगत गलत लोगों के साथ हुई तो उसे जल्द ही अमीर बनने का नशा चढ़ा। फिर उसने जालसाजी शुरू कर दी। बैंक, एटीएम बूथ में घुसकर खाता, पासवर्ड एटीएम नंबर चुराकर फर्जी डीएल, मतदाता पहचान पत्र व ईमेल आइडी बनाते थे। उसी के जरिए ऑनलाइन खरीदारी करते थे। एएसपी शगुन गौतम ने बताया कि अभियुक्त ऑनलाइन सोने के सिक्के खरीदने के बाद उससे नकद पैसा प्राप्त करते थे और फिर जमीन, बाइक आदि महंगी वस्तुएं खरीदते थे। हवाई यात्रा व होटल का भी आनंद लेते थे। --------------- क्या-क्या हुआ बरामद सोने के गहने, चांदी की आठ जोड़ी पायल, तीन लैपटाप और कंप्यूटर सिस्टम, आईपैड, सैमसंग गैलेक्सी टैबलेट, मंहगे मोबाइल, चश्मा, कपड़े, जूते, सौंदर्य प्रसाधन के सामान, पल्सर मोटरसाइकिल, फर्जी वोटर आइडी, एयर लाइंस व रेल टिकट, बैंक खाते के अभिलेख, मोबाइल सिम और 55 हजार रुपये नकद।

No comments:

Post a Comment