Wednesday, 7 August 2013

अब जेल ऑनलाइन


NEWS WAR MEDIA PVT LTD - इलाहाबाद : प्रदेश के सभी कारागार ऑनलाइन होंगे। इनमें कम्प्यूटर और ब्राडबैंड कनेक्शन लगाए जाएंगे। जेल मुख्यालय ने डेस्को को यह जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसा होने से जेलों और मुख्यालय के बीच प्रपत्रों के आदान-प्रदान में होने वाली देरी से निजात मिल सकेगी। फिलहाल, लखनऊ स्थित मॉडल जेल के अलावा मंडल कारागारों में ही कम्प्यूटर की सुविधा है, जबकि ब्रॉडबैंड कनेक्शन कुछ मंडल कारागारों में है। लगभग एक वर्ष पूर्व प्रदेश की सभी 63 जेलों में कम्प्यूटर और ब्रॉडबैंड कनेक्शन दिये जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। अब इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद डेवलपमेंट सिस्टम कारपोरेशन (डेस्को) को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जेल मुख्यालय के शोध अधिकारी केबी जोशी की ओर से उप महानिरीक्षकों को भेजे गए पत्र के मुताबिक नैनी, आगरा, वाराणसी, फतेहगढ़, बरेली, बांदा, उन्नाव, सीतापुर, खीरी, एटा, फतेहपुर, गाजीपुर, प्रतापगढ़, हमीरपुर, ललितपुर, मिर्जापुर, उरई, बलिया, सिद्धार्थनगर, कानपुर देहात, देवबंद, महोबा और ज्ञानपुर की जेलों में इस वर्ष के अंत तक कम्प्यूटर और ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगा दिए जाएंगे। संबंधित जेलों के वरिष्ठ अधीक्षकों और अधीक्षकों को कम्प्यूटर रूम की व्यवस्था के लिए अलग से पत्र भेजे गए है। जिन मंडल कारागारों में पहले से कम्प्यूटर हैं, वहां भी एक अतिरिक्त कम्प्यूटर दिया जाएगा। इलाहाबाद मंडल के उपमहानिरीक्षक कारागार वीके जैन ने बताया कि कम्प्यूटर और ब्रॉडबैंड सुविधा मिलने के बाद मुख्यालय और जेलों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान शीघ्र हो सकेगा। अभी मुख्यालय से आदेश और सूचनाएं पहुंचने में कई दिन लग जाते है।

No comments:

Post a Comment