Thursday, 8 August 2013

भारतीय सैनिकों की शहादत पर शर्मनाक बयान, राजनीति गरमाई


news war | पटना
जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिला स्थित चकन-दा-बाग सेक्टर में पाकिस्तानी घुसपैठियों के हमले में भारतीय जवानों की शहादत पर बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री भीम सिंह के असंवेदनशील बयान ने राजनीति को गरमा दिया है। बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री भीम सिंह ने गुरुवार को कहा कि जवान शहीद होने के लिए ही होते हैं। मंत्री के बयान पर विपक्षी दलों ने इसे सरकार की संवेदनहीनता और गैर जिम्मेदारी का परिचायक बताया। गुरुवार को पत्रकारों ने जब शहीद जवानों के शवों के आगमन पर बुधवार को पटना हवाई अड्डे पर किसी मंत्री के नहीं पहुंचने पर सवाल किया तो सिंह ने कहा कि जवान शहीद होने के लिए ही होते हैं। उन्होंने कहा कि सेना और पुलिस में नौकरी क्यों लेते हैं? मंत्री ने पत्रकारों को नसीहत देते हुए कहा कि शहादत के लिए ही लोग सेना में शामिल होते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह बयान बिहार सरकार की सोच को भी प्रदर्शित करता है। एक ओर जहां मंत्री हवाई अड्डे पर नहीं गए ऊपर से कह रहे हैं कि सैनिक शहादत के लिए होते हैं। ऐसे बयान पर सरकार को शर्म आनी चाहिए। कांग्रेस के प्रवक्ता प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। सैनिक और पुलिस में लोग देश की सेवा करने जाते है न कि शहीद होने। उन्होंने कहा कि ऐसा बयान देना कहीं से उचित नहीं है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद रामकृपाल यादव कहते हैं कि सरकार में अब संवेदनशीलता बची ही नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार न शहीदों का सम्मान कर रही है और न अपनी संवेदनशीलता दिखा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल सहायता राशि देकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री समझ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पैसा दे देने से सम्मान नहीं मिल जाता। उल्लेखनीय है कि जम्मू कश्मीर के पुंछ में शहीद हुए भारतीय सेना के पांच जवानों में से चार जवानों के शव बिहार की राजधानी पटना पहुंचे थे। परंतु जब शव रात के 10 बजे पटना के हवाई अड्डे पर पहुंचे तो बिहार सरकार का कोई मंत्री वहां उपस्थित नहीं था। बिहार सरकार ने हालांकि शहीदों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही राजकीय सम्मान के साथ शहीदों का अंतिम संस्कार भी किया।

No comments:

Post a Comment