Monday, 21 March 2022

Kanpur News: भाजपा नेताओं के परिवार भी झेल रहे रामराज्य की गुंडई, दबंगों से परेशान पूर्व BJP-MLA के भतीजे ने की आत्महत्या

Kanpur News: यूपी में रामराज्य के नाम पर फिर से सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा सरकार में अपराध चरम पर है। दूसरों की कौन कहे खुद भाजपा नेता और उनके परिवार भी दबंगों अपराधियों के लपेटे में आ रहे हैं। ताजा मामला कानपुर के पूर्व बीजेपी विधायक के भतीजे द्वारा की गई आत्महत्या से जुड़ा है। जिसके बाद एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर उंगलियां उठनी शुरू हो गई हैं। दरअसल कानपुर की छावनी से पूर्व विधायक और इस बार प्रत्याशी रहे रघुनंदन सिंह भदौरिया के भतीजे ने आत्महत्या कर ली। रघुनंदन के भतीजे नारायण सिंह भदौरिया ने आत्महत्या महज इसलिए कर ली क्योंकि दबंगों ने उनके प्लॉट पर कब्जा कर लिया था। नारायण ने बहुत प्रयास किया लेकिन दबंगों ने कब्जा नहीं छोड़ा, जिसके बाद पीड़ित को यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। जानकारी के मुताबिक नौबस्ता के आवास विकास हंसपुरम निवासी 42 वर्षीय नारायण सिंह भदौरिया बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करते थे। नारायण ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि बिनगवां स्थित उनके दो प्लॉटों पर दबंगों ने कब्जा कर लिया था। जिसे लेकर वह आहत थे। परिजनों ने क्षेत्र के ही एक दबंग के खिलाफ कब्जे और उत्पीड़न की तहरीर दी है। पूर्व विधायक रघुनंदन के बड़े भाई लक्ष्मण सिंह हंसपुरम नौबस्ता में रहते हैं। जिनके तीन बेटे अश्वनी, नारायण और नागेंद्र सिंह हैं। नारायण सिंह बिल्डिंग मटेरियल के थोक व फुटकर कारोबारी थे। साथ ही जमीन की खरीद-फरोख्त कर छोटे मकान बनाकर बेचते थे। पिता ने बताया कि नारायण ने कुछ माह पहले बिनगवां में दो प्लॉट खरीदे थे। इनका निर्माण भी हो गया था। लगभग एक सप्ताह पहले इलाके का ही एक दबंग अपने तीन से चार साथियों के साथ प्लॉट पर पहुंचा और अपना दावा करते हुए गाली गलौज करने लगा। इसके बाद होली में उसके दोनों प्लॉटों पर ताला डालकर कब्जा कर लिया गया। इस बात को लेकर नारायण मानसिक तनाव में रहने लगा। रविवार देर रात उसका शव छत पर कुंडे के सहारे लटका मिला। इस मामले को लेकर पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया ने बताया कि दबंगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए नौबस्ता थाने में तहरीर दी है। प्लॉट पर कब्जा होने सम्बन्धी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, इंस्पेक्टर नौबस्ता अमित भड़ाना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment