Tuesday, 30 July 2013

रीमेक फिल्मों में विश्वास नहीं रखतीं वहीदा


BOLLYWOOD DESK | NEWS WAR MEDIA -
बॉलीवुड में इन दिनों रीमेक और जीवनी पर आधारित फिल्मों के निर्माण का चलन जोरों पर है, लेकिन बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री वहीदा रहमान ऐसी फिल्मों के निर्माण में विश्वास नहीं रखती हैं। वहीदा ने कहा कि मैं रीमेक फिल्मों के निर्माण में विश्वास नहीं रखती हूं। मेरा मानना है कि ओरिजनल फिल्म कालजयी हुआ करती है और उसी तरह से फिल्म का निर्माण नहीं किया जा सकता है। यदि कोई इन फिल्मों का निर्माण करता भी तो लोग उसकी पुरानी फिल्म से तुलना करने लगते हैं, यह अच्छी बात नहीं है। बॉलीवुड में इन दिनों महान फिल्मकार गुरुदत्त और पाश्र्वगायक किशोर कुमार के जीवन पर आधारित फिल्मों के निर्माण किये जाने की चर्चा है। वहीदा ने कहा कि दोनों महान कलाकारों के जीवन में काफी उतार-चढ़ाव आये। उनकी जिदंगी गम में डूबी हुयी और उदास थी। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि उनके जीवन पर आधारित फिल्में भी काफी ट्रैजिक होंगी। फिल्म में उनसे जुड़ी कई ऐसी निजी बाते सामने आयेंगी जो मेरे मुताबिक सही नहीं है। वहीदा ने वर्तमान दौर को बॉलीवुड के लिये सर्वश्रेष्ठ बताया और कहा कि पहले की फिल्में एक पूर्व निर्धारित ढर्रे पर बनती थी, जिसमें ज्यादातर परिवार, प्रेम कहानियां, अमीरी-गरीबी को दर्शाया जाता था। आज का दर्शक कुछ अलग देखना चाहता है और फिल्मकार भी प्रयोग करने से नहीं हिचकिचाते। उन्होंने मुस्कुराते हुये कहा कि काश, मैं आज के दौर में होती।

No comments:

Post a Comment