Tuesday, 23 July 2013
लखनऊ में मिट्टी का टीला ढहने से हादसे में पांच की मौत
NEWS DESK लखनऊ : at news war media -
कैंट क्षेत्र स्थित बूचड़ी ग्राउंड में मिट्टी के ऊंचे टीले का एक बड़ा हिस्सा मंगलवार दोपहर अचानक ढह गया। वहां मौजूद छह ग्रामीण मिट्टी में दब गए जबकि उनका एक साथी किसी तरह बचकर गांव पहुंचा और हादसे की सूचना लोगों को दी। कुछ देर बाद ही आलमबाग पुलिस व सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तीन जेसीबी मशीनों की मदद से मिट्टी में दबे ग्रामीणों को निकालने का काम शुरू हो सका। इस दौरान गंभीर रूप से घायल एक ग्रामीण को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पांच ग्रामीणों की मिट्टी में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि टीले के पास गत दिनों मिट्टी का खनन किया गया था। मंगलवार को यहां ग्रामीणों को राजेंद्र मजदूरी करने की बात कह कर लाया था। हालांकि, पुलिस अधिकारी इससे इन्कार कर रहे हैं।
एएसपी पूर्वी राजेश कुमार के मुताबिक ग्राम मचलखेड़ा, अर्जुनगंज निवासी सात ग्रामीण सेना की भूमि पर कारतूस बीनने गए थे, तभी यह हादसा हो गया। ग्रामीण यहां से सेना द्वारा की गई फायरिंग के बाद बुलेट के अगले हिस्से को बीनकर ले जाते हैं, जिससे वे तांबा व रांगा निकालकर बेचते हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।
ग्राम मचलखेड़ा, अर्जुनगंज निवासी रज्जन लाल व इंद्रपाल सहित सात ग्रामीण मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बूचड़ी ग्राउंड गए थे। ग्राउंड के एक हिस्से में पुरानी चांदमारी रेंज हैं, जहां करीब 40 फीट ऊंचा मिट्टी का टीला है। पुलिस के मुताबिक सात लोग टीले के पास मिट्टी में बुलेट तलाश रहे थे, तभी टीले का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। इनमें छह लोग मलबे में दब गए। जबकि रज्जनलाल किसी तरह बचकर वहां से गांव पहुंचा और ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी। बाद में हादसे की जानकारी होने पर एएसपी पूर्व राजेश कुमार, एडीएम आरपी सिंह, आलमबाग पुलिस व सेना के अधिकारी व जवान मौके पर पहुंच गए। सेना ने तब सेना व नगर निगम की जेसीबी मशीनों ने मिट्टी में दबे मजदूरों को निकालने की कवायद शुरू हुई। बाद में पुलिस ने एक अन्य जेसीबी मशीन मंगाई। मलबे में दबे इंद्रपाल (30) को निकालकर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इसके बाद करीब छह घंटे चले राहत कार्य के दौरान मिट्टी से राजेंद्र (45), सुरेश रावत (42), निरंजन (48), सर्वजीत उर्फ चुरई (24) व श्रीराम (30) के शव बरामद किए जा सके। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
------------------------
थोड़ी दूरी पर चल रहा है निर्माण कार्य
मिट्टी का टीला ढहने से हुई पांच ग्रामीणों की मौत को लेकर कुछ लोगों का यह भी कहना था कि वे वहां खोदाई का काम कराने गए थे, तभी यह हादसा हो गया। इस पर ठेकेदार वहां से भाग निकला। सभी ग्रामीणों के कपड़े व चप्पलें एक स्थान पर रखे थे। वहीं एएसपी पूर्वी का कहना है कि सेना की भूमि पर इन दिनों वैवाहिक आवासीय परिसर के निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन टीले से वह स्थान कुछ दूरी पर है। जहां हादसा हुआ, वहां कोई निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा था। वहीं मिलेट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस) के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल मेहरोत्रा का भी यही कहना है कि निर्माण कार्य से घटना का कोई सरोकार नहीं है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment