Wednesday, 31 July 2013

चलती कार में छात्रा से गैंगरेप की कोशिश, एमएमएस भी बनाया


NEWS WAR | नई दिल्ली
बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। चार छात्रों ने चलती सेंट्रो कार में न केवल 11वीं कक्षा में पढने वाली 16 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म की कोशिश की बल्कि मोबाइल से एमएमएस बना कईयों को भेज भी दिया। चारों आरोपी छात्र भी 11वीं कक्षा के ही छात्र हैं और पीड़ित छात्रा के साथ एक ही सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। सभी नाबालिग है। यह मामला पहले पंचायत में गया। पंचायत ने समझौता करा दिया। लेकिन जब छात्रा व उसके परिजनों को गांव के लोग ताने देने लगे तब बीते 16 मार्च को चारों के खिलाफ थाने में शिकायत कर दी गई। बवाना थाना पुलिस ने चारों के खिलाफ छेड़छाड़, दुष्कर्म की कोशिश व पॉस्को आदि धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तक केवल एक ही आरोपी को पकड़ पाई है। तीन अन्य अभी तक फरार है। जानकारी के मुताबिक छात्रा अपने परिवार के साथ बवाना के पूठखुर्द गांव में रहती है और इलाके के एक सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। चारों आरोपी छात्रों की उम्र 15-17 साल बताई जा रही है। ये सभी भी छात्रा के मोहल्ले के ही रहने वाले हैं और उसी के साथ एक ही स्कूल में पढाई करते हैं। बताया जा रहा है कि 13 मार्च की दोपहर तीन लड़कियां [सहेली], छात्रा के घर आई थी और उसे अपने साथ लेकर चली गई थी। उसी दौरान छात्रा को कहीं चारों लड़के मिल गए। उन्होंने छात्रा को अपनी कार में बैठा लिया और चलती कार में उसके साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी और दुष्कर्म की भी कोशिश की। आरोप है कि आरोपियों ने मोबाइल से एमएमएस भी बना लिया। रास्ते में कहीं पर गांव की महिला की नजर इनपर पड़ गई थी, जिससे छात्रा जब शाम को घर पहुंची तो उससे पहले घटना की बात पूरे गांव में फैल चुकी थी। छात्रा से पूछताछ करने पर उसने आपबीती बता दी। इसके बाद इस मामले को लेकर पंचायत भी बैठी और दोनों पक्षों का समझौता करा दिया गया। मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि गांव के लोगों ने ताने देने शुरू कर दिए। 16 मार्च की सुबह जब छात्रा की दादी बाहर निकली तब एक महिला ने उन्हें छात्रा को लेकर ताने दी, जिसके बाद परिजनों ने सोच विचार कर थाने पहुंच कर मामला दर्ज करा दिया गया।

No comments:

Post a Comment