Wednesday, 31 July 2013

यूपी: अधिकारियों में रोष, 'अदर सोर्स' के आधार पर कैसे हो गया निलंबन?


NEWS DESK | NEWS WAR MEDIA
लखनऊ । आइएएस अधिकारी और गौतमबुद्धनगर की एसडीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को निलंबित किए जाने से आइएएस अधिकारियों में काफी रोष है। मामले को लेकर आइएएस अधिकारी सोमवार को मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव नियुक्ति से मिलेंगे। आइएएस अधिकारियों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि जिस अधिकारी को सर्विस में आए महज डेढ़ साल हुआ हो उसे इस तरह निलंबित कर दिया गया। नए अधिकारियों से कोई छोटी गलती हो जाने पर उसे नजरअंदाज कर मौखिक रूप से समझाने की परम्परा रही है। अगर नए अधिकारी ने कोई बड़ी गलती कर दी तो भी क्या निलंबित करने के पहले उसका पक्ष नहीं सुना जाना चाहिए था। वरिष्ठ आइएस अधिकारी यह भी कह रहे हैं कि न तो जिलाधिकारी और न ही मंडलायुक्त ने निलंबित एसडीएम के खिलाफ कोई रिपोर्ट दी। ऐसे में किसी 'अदर सोर्स' के कहने पर एक कर्मठ और ऊर्जावान अधिकारी को कैसे निलंबित किया जा सकता है। आइएएस हों अथवा किसी और कैडर के लेकिन जो भी अधिकारी फील्ड में तैनात हैं उनके मनोबल पर ऐसी एकपक्षीय और अन्यायपूर्ण कार्रवाई से प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। आइएएस एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को दुर्गा शक्ति नागपाल के निलंबन के मामले में मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव नियुक्ति से मिलकर अपना विरोध दर्ज कराते हुए इस कार्रवाई को वापस किए जाने की मांग करेगा।

No comments:

Post a Comment