Tuesday, 30 July 2013

अब मुलायम के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहते हैं बेनी


नई दिल्ली । news war
कांग्रेस हाईकमान के सख्त रुख से बेपरवाह केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के खिलाफ जहर उगलना जारी रखे हुए हैं। मंगलवार को भी वह सपा सुप्रीमो पर लेकर खासे हमलावर थे। उनका कहना था, 'खनन माफियाओं से सांठगांठ के चलते मुलायम के आदेश पर नोएडा की एसडीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को निलंबित किया गया है।' बकौल बेनी बाबू, 'आय से अधिक संपत्ति मामले में मुलायम को जेल नहीं भेजा जाना चाहिए क्योंकि मैं सपा नेता के खिलाफ लोकसभा का अगला चुनाव लड़ना चाहता हूं।' बेनी प्रसाद वर्मा पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। युवा आइएएस अधिकारी दुर्गा शक्ति की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, 'यह लड़की निर्दोष है। मुलायम का खनन माफियाओं से नजदीकी रिश्ता है। इसलिए उन्होंने दुर्गा को निलंबित करा दिया है।' बेनी बाबू ने जहां सपा प्रमुख पर हमला बोला, वहीं उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर मेहरबान रहे। उनके अनुसार, 'निलंबन आदेश के बारे में अखिलेश को कुछ भी पता नहीं है। वह अच्छा लड़का है। उसके पिता को चाहिए कि वे उसे बर्बाद न करें। अभी वह ट्रेनिंग पीरियड में है।' बेनी बाबू ने चेताया कि अगर दुर्गा शक्ति को बहाल नहीं किया गया तो इसका खामियाजा उप्र सरकार को भुगतना होगा। जब उनसे आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ जारी सीबीआइ जांच को बंद करने संबंधी खबरों के बारे में पूछा गया तो केंद्रीय मंत्री का जवाब था, 'मामला बंद नहीं किया जाना चाहिए बल्कि इसकी ठीक से जांच कराई जानी चाहिए।'

No comments:

Post a Comment